वाराणसी । जनपद के रमना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार के घर में आग लगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विपक्षी छवि नाथ और उसके साथियों ने दीपक पटेल की मां सुदामा देवी के मड़ईनुमा घर में आग लगा दी। घटना के समय घर में रखे सोना-चांदी के जेवरात समेत घरेलू सामान भी गायब हो गया। आग लगने से पूरा घर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, आग लगने के बाद शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। दीपक पटेल, ज्योति पटेल और सुदामा देवी ने आसपास के लोगों की मदद से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित परिवार ने लंका थाने में छवि नाथ समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।
अशोक कुमार गुप्ता रिपोर्टिंग।









