वाराणसी। 17 जून 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ छपरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत चल रहे निर्माण एवं यात्री सुविधा विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, द्वितीय प्रवेश द्वार, स्वच्छता व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रीष्मकालीन एवं परीक्षा विशेष ट्रेनों के संचालन को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, होल्डिंग एरिया तथा निगरानी तंत्र की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही स्टेशन पर संचालित फूड वेंडिंग स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

महाप्रबंधक ने 19 जून 2026 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा छपरा–आनंद विहार टर्मिनल और मऊ–आनंद विहार टर्मिनल नई ट्रेनों के शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, यात्री प्रबंधन और आयोजन की सभी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल, वाणिज्य, इंजीनियरिंग, परिचालन तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। महाप्रबंधक ने यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।









