वाराणसी । स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना के केंद्रीय चिकित्सालय में 12 मई 2026 को अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाप्रबंधक आशुतोष पन्त के दिशा-निर्देशन एवं प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश कुमार के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

इस दौरान फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नर्सिंग स्टाफ एवं चिकित्सा कर्मियों ने कैंडिल लाइट के साथ शपथ ग्रहण की। सभी ने समर्पण, सेवा भावना और मेहनत के साथ मरीजों की बेहतर सेवा करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि लालजी चौधरी ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन एवं कार्यशैली पर प्रकाश डालते हुए चिकित्सा कर्मियों को मानवता की सेवा के लिए प्रेरित किया।

प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने इस वर्ष की थीम “हमारी नर्सें, हमारा भविष्य — सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” पर अपने विचार व्यक्त करते हुए नर्सों के योगदान को स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने मरीजों की बेहतर देखभाल, दवा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं में नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सकों एवं नर्सिंग अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। डॉ. सौरभ सागर ने स्वरचित कविता प्रस्तुत कर नर्सों के समर्पण को सम्मान दिया। समारोह में बड़ी संख्या में चिकित्साकर्मी एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।










