Search
Close this search box.

सिद्धार्थनगर: मोहाना थाना क्षेत्र में फास्ट फूड ठेलों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध इस्तेमाल, लोगों ने कार्रवाई की उठाई मांग

सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के चौराहों और आसपास के इलाकों में चाट, चाउमीन, बर्गर व अन्य फास्ट फूड बेचने वाले कई ठेला संचालकों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का खुलेआम व्यावसायिक उपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बड़े पैमाने पर घरेलू गैस के इस दुरुपयोग से आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित हैं, लेकिन नियमों की अनदेखी कर इन्हें सड़क किनारे लगे ठेलों और दुकानों पर धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों ने इसे न केवल नियमों का उल्लंघन बताया, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर खतरा माना है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के सिलेंडरों का उपयोग कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

नागरिकों ने प्रशासन, पूर्ति विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में अभियान चलाकर जांच की जाए तथा घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Comment

और पढ़ें