चन्दौली । जिले में 24 घंटे के भीतर तीन सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देकर दहशत फैलाने वाला शातिर आरोपी गुरप्रीत सिंह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। आरोपी पर डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन, जम्मूतवी एक्सप्रेस और अलीनगर स्थित जीवक अस्पताल में ताबड़तोड़ गोलीबारी कर तीन लोगों की हत्या करने का आरोप था।

पुलिस के अनुसार गुरप्रीत सिंह पंजाब के अमृतसर का निवासी था और वर्ष 2021 में सेना से हटाया गया था। पूछताछ के दौरान उसने तीनों हत्याओं की बात कबूल करते हुए बताया कि वह मानसिक रूप से विचलित था और बिना किसी निजी रंजिश के लोगों को निशाना बना रहा था।

पुलिस टीम आरोपी को लेकर सकलडीहा क्षेत्र में क्राइम सीन री-क्रिएशन कर रही थी, तभी उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
आरोपी के पास से रिवॉल्वर, कारतूस और टूटी हुई डीबीबीएल गन बरामद हुई है। अलीनगर पुलिस, सकलडीहा पुलिस, एसओजी और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई से पूरे जिले ने राहत की सांस ली।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।







