Search
Close this search box.

वन महोत्सव का शुभारंभ, डीएम ने पीपल का पौधा लगाकर दिया हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बलिया । जिले में वन विभाग द्वारा 01 से 07 जुलाई तक आयोजित वन महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को उत्साहपूर्वक किया गया। पहले दिन सभी वन रेंजों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की सहभागिता से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ, जहां जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने पीपल का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान कुल पांच पौधों का रोपण किया गया, जिसमें संबंधित अधिकारियों ने भी अपने-अपने नाम से पौधे लगाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने में जनसहभागिता को अत्यंत आवश्यक बताया।

कार्यक्रम का संयोजन प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग बलिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वन महोत्सव के माध्यम से जिले में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।

रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।

Leave a Comment

और पढ़ें