गाजीपुर । जिले के गहमर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अंतरराज्यीय असलहा तस्कर घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी अपनी टीम के साथ भटपुरवा–बारा रेवतीपुर मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की काली अपाचे बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर बाइक फिसल गई, जिसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों के गोली चलाते रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें गहमर निवासी 20 वर्षीय सौरभ सिंह के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर पकड़ा गया। उसका साथी 22 वर्षीय मुकेश कुशवाहा को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल सौरभ के पास से अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, 400 रुपये नकद और बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद हुई। वहीं मुकेश के कब्जे से एक विवो मोबाइल फोन और 300 रुपये नकद मिले।
पुलिस के अनुसार सौरभ पर गाजीपुर, वाराणसी और बिहार के बक्सर जिले में हत्या के प्रयास, लूट और अवैध हथियारों से जुड़े कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










