बलिया। जनपद में अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार में अभियोजन अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा ने की। यह बैठक पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में सम्पन्न हुई।

बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष अभियान “ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत टॉप-10 माफिया एवं गंभीर अपराधों से जुड़े अभियुक्तों को शीघ्र सजा दिलाने की रणनीति पर चर्चा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी पैरोकारों, कोर्ट मोहर्रिरों, मॉनिटरिंग सेल एवं सम्मन सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावी पैरवी एवं समयबद्ध तामिला सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में विशेष रूप से एनडीपीएस एक्ट, पॉक्सो एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, सीएम डैशबोर्ड से संबंधित मामलों तथा अन्य जघन्य अपराधों में अभियोजन प्रक्रिया को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि विवेचना से लेकर न्यायालयीन कार्यवाही तक सभी स्तरों पर समन्वय स्थापित कर दोषियों को सजा दिलाई जाए, ताकि कानून व्यवस्था और मजबूत हो सके।
इस दौरान संयुक्त निदेशक दिनेश त्रिपाठी, एसपीओ पी.एन. स्वामी, एपीओ बीरपाल सिंह, डीजीसी संजीव कुमार सिंह सहित अभियोजन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








