Search
Close this search box.

बरेका के नुक्कड़ नाटक में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, हरित भविष्य का लिया संकल्प

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में चल रहे “विश्व पर्यावरण दिवस-2026” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जलालीपट्टी मार्केट में “हम सबकी जिम्मेदारी” विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, ऊर्जा बचत, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास के प्रति जनजागरूकता फैलाना है।

बरेका नाट्य दल द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने अपनी जीवंत अभिनय शैली, प्रभावशाली संवादों और सामाजिक संदेशों से उपस्थित लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया। कलाकारों ने जल एवं ऊर्जा संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण, प्लास्टिक के कम उपयोग और स्वच्छ-हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश देते हुए लोगों को पर्यावरण सुरक्षा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए संदेश की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्य संरक्षा अधिकारी जितेंद्र अग्रवाल, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/पीओएच राजेश कुमार, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। नाटक का निर्देशन सुधाकर मनी ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ हरित भविष्य के निर्माण हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

और पढ़ें