वाराणसी । कैन्ट विधानसभा के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय गुरुधाम में जनसुनवाई कर क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं। सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक चली जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक तथा क्षेत्रीय समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।

जेपीएस नगर ककरमत्ता निवासी भक्ति शेखर मलिक ने गली में बंद पड़े हाईटेंशन बिजली तार के घरों के ऊपर से गुजरने की शिकायत की, जिस पर विधायक ने अधीक्षण अभियंता से वार्ता कर तत्काल तार हटाने और व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। वहीं प्रार्थी प्रणव कुमार सिन्हा ने अपनी पुत्री ईशा सिन्हा का चिकित्सकीय आधार पर सोनभद्र से वाराणसी केंद्रीय विद्यालय में स्थानांतरण कराने की मांग की, जिस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों से मानवीय आधार पर कार्रवाई करने को कहा।
इसके अलावा नगवां निवासी संदीप गुप्ता ने जमीन विवाद में अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मंडुआडीह थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए गए। विधायक ने कुल 68 फरियादियों की समस्याओं पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।






