वाराणसी । नगर निगम ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों में लापरवाही और घटिया गुणवत्ता को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण कर दो कार्यदायी फर्मों पर कुल सात लाख रुपये का जुर्माना लगाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी धन की बर्बादी और गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने सबसे पहले बड़ा लालपुर स्थित निर्माणाधीन सीनियर केयर सेंटर का निरीक्षण किया, जहां कार्य की गति बेहद धीमी और गुणवत्ता मानकों के विपरीत मिली। इस पर संबंधित फर्म पर पांच लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इसके बाद पांडेपुर-पंचकोशी मार्ग पर बन रहे सारनाथ जोन कार्यालय भवन का निरीक्षण किया गया। यहां छह महीने बाद भी केवल अधूरा बेसमेंट मिला तथा निर्माण सामग्री भी घटिया पाई गई, जिसके चलते संबंधित फर्म पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

निरीक्षण के दौरान ऐढ़े क्षेत्र के 4.5 किलोमीटर लंबे कच्चे नाले की सफाई का जायजा लेते हुए नगर आयुक्त ने इसे पक्का करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही नरोखर और पाल बस्ती नालों की मॉनसून से पहले गहराई तक सफाई सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए।







