कौशाम्बी । संदीपन घाट थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर मलहरा गांव के पास शुक्रवार को रेलवे लाइन पर हुए दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
मृतक की पहचान विनोद कुमार पटेल उर्फ ननकु (26) पुत्र सुखलाल, निवासी पिपरी नगर पंचायत, थाना चरवा के रूप में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक किसी कारणवश ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि विनोद अविवाहित था और दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई का नाम प्रमोद है। दोनों भाइयों की अभी शादी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।








