राजातालाब ।क्षेत्र में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और भरण-पोषण के लिए चलाया जा रहा भूसा संग्रह अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। पशुपालन विभाग के प्रयासों से जनपद में अब तक 500 कुंतल से अधिक भूसा एकत्र किया जा चुका है। इसी क्रम में अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल परमपुर में 31 कुंतल भूसा भंडारित कराया गया, जिससे गोवंशों के चारे की व्यवस्था को मजबूती मिली है।

पशुधन प्रसार अधिकारी वेद प्रकाश सिंह, शैलेश चौधरी और विनीत सिंह ने बताया कि यह भूसा विभिन्न दानदाताओं द्वारा सहयोग स्वरूप दी गई धनराशि से खरीदा गया है। अभियान में ग्रामीणों और समाजसेवियों का उत्साहजनक सहयोग देखने को मिल रहा है। भवानीपुर, शाहंशाहपुर, पनियार, असवारी, तिलगा, शिवपुरी और कंठीपुर सहित कई गांवों के लोगों ने आर्थिक सहयोग देकर गोसेवा में भागीदारी निभाई।
विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय धाविका प्रियंका सिंह पटेल सहित अनेक दानदाताओं ने आगे बढ़कर सहयोग किया। पशुपालन विभाग ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आमजन से अपील की कि निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और उनके भरण-पोषण के लिए अधिक से अधिक सहयोग करें, ताकि गौशालाओं में किसी प्रकार की कमी न हो।









