वाराणसी । समाजवादी पार्टी की ओर से अजगरा और कैंट विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए जनपंचायत का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर पिछड़े, दलित, आदिवासी और गरीब वर्गों की उपेक्षा का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने विश्वकर्मा समाज को राजनीतिक और सामाजिक सम्मान दिलाने का काम किया। नेताजी मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के नेतृत्व में विश्वकर्मा समाज को सरकार में प्रतिनिधित्व मिला तथा भगवान विश्वकर्मा पूजा दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था, जिसे भाजपा सरकार ने समाप्त कर दिया।
विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध बढ़े हैं। उनका आरोप था कि सामंती और अपराधी तत्वों के सामने पुलिस नतमस्तक है तथा पीडीए वर्ग के लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है।
उन्होंने विंध्य एक्सप्रेस-वे के नाम पर मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली के जंगलों में पेड़ों की कटाई और आदिवासियों की जमीन प्रभावित होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार छात्रों और युवाओं को रोजगार देने में विफल है और पेपर लीक जैसी घटनाओं से परीक्षाएं प्रभावित हो रही हैं।
पूर्व मंत्री ने संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण और शिक्षा के अधिकार की रक्षा के लिए सपा को मजबूत करने तथा अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।






