मीरजापुर। 7 मई 2026। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं और समितियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वरिष्ठ नागरिक कल्याण नियमावली 2014 तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। बैठक में विंध्याचल स्थित पटेगरा नाला वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि वृद्धाश्रम की कुल क्षमता 150 है, जबकि वर्तमान में 74 वृद्धजन वहां रह रहे हैं, जिनमें 41 महिलाएं और 33 पुरुष शामिल हैं।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को माह में कम से कम दो बार स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही वृद्धाश्रम प्रबंधन को शासन द्वारा निर्धारित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








