लखनऊ । बंथरा थाना क्षेत्र के खुर्मपुर गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पंडित खेड़ा निवासी साहिल अपने साथियों के साथ खुर्मपुर नाले में नहाने गया था। नहाने के दौरान साहिल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हादसे के बाद उसके साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। साहिल की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है। टीम के मौके पर पहुंचने के बाद नाले में तलाशी अभियान चलाया जाएगा।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में साहिल के शव की तलाश जारी है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।




