वाराणसी । 26 मई 2026 विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के उपलक्ष्य में वाराणसी मंडल द्वारा 15 मई से 5 जून तक व्यापक पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (Enhm) श्री अभिषेक राय के नेतृत्व में मंडल के विभिन्न स्टेशनों और कार्यालय परिसरों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में मंगलवार को मंडल चिकित्सालय परिसर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी की अध्यक्षता में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.आर. सिंह, डॉ. ए.के. सिंह, मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. ममता, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक बनारस, सहायक नर्सिंग अधिकारी सहित अनेक कर्मचारियों ने पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बनारस रेलवे स्टेशन पर भी कर्मचारियों द्वारा पौधरोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर गौरैया और अन्य पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तन रखने का विशेष अभियान चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण विषय पर पोस्टर पेंटिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

सफाई मित्रों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं यात्रियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, बॉटल क्रशर मशीन के उपयोग की जानकारी देने तथा स्टेशनों पर प्लास्टिक प्रतिबंध लागू कराने के लिए विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया गया।





