Search
Close this search box.

आंधी-बारिश का कहर: पेड़ गिरने से सड़कें जाम, बिजली व्यवस्था ठप

मिर्जापुर । में बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जिले के कई इलाकों में पेड़ और उनकी बड़ी डालियां सड़कों पर गिर गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया। कछवा क्षेत्र के चुनार रोड स्थित आनंतपुर में बिजली के तारों पर विशाल पेड़ गिरने से कई बिजली के खंभे टूट गए और पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

मितई गांव के मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा उस समय टल गया जब तेज आंधी के दौरान एक पेड़ चल रहे ऑटो पर गिर पड़ा। हादसे में ऑटो चालक वाहन के अंदर फंस गया। स्थानीय ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद चालक को बाहर निकाला और गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछवा पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चालक के सिर में गंभीर चोट बताई गई है।

इसी तरह जमुआ रोड पर भी एक कार पर पेड़ गिरने से हादसा हो गया। जौनपुर निवासी परिवार बहन की विदाई कर लौट रहा था तभी अचानक पेड़ वाहन पर गिर पड़ा। हादसे में चालक आदर्श उपाध्याय घायल हो गए। कार में उनकी माता सत्यभामा उपाध्याय और बहन वैशाली उपाध्याय भी मौजूद थीं।

स्थानीय लोगों के अनुसार जमुआ रोड सहित कई मार्गों पर दर्जनों पेड़ गिरने से घंटों जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू कराया।

Leave a Comment

और पढ़ें