Search
Close this search box.

संडीला: बकरी चराने को लेकर विवाद में किशोर के पेट में चाकू घोंपा, गिरफ्तार

संडीला/हरदोई। संडीला कोतवाली क्षेत्र के जामू गांव में बकरी चराने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि गांव के कुछ युवकों ने भंडारे में गए दो किशोरों को घेरकर हमला कर दिया, जिसमें एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 मई की सुबह 14 वर्षीय शिवा गांव के पास खेत में बकरी चरा रहा था। इसी दौरान गांव के पंकज मौर्य और उसके साथियों से कहासुनी हो गई, जो बाद में गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि शाम को शिवा अपने चचेरे भाई आयुष के साथ गांव के बाहर आयोजित भंडारे में गया था। इसी दौरान पंकज मौर्य और उसके तीन साथियों ने दोनों भाइयों को रास्ते में घेर लिया। विवाद बढ़ने पर पंकज ने कथित तौर पर आयुष के पेट में चाकू घोंप दिया। हमले के बाद आयुष लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल किशोर को तत्काल संडीला सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। आयुष की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।
मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए 23 मई 2026 को जामू तिराहे के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी पंकज मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून से सना चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह एवं मुकेश कोटार्य शामिल रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें