Search
Close this search box.

काशी से अमरनाथ यात्रा के लिए पहला जत्था रवाना, 26 वर्षों से श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी समिति

वाराणसी। बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन के लिए अमरनाथ यात्रा शुरू होने के साथ ही धर्मनगरी काशी से श्रद्धालुओं का पहला जत्था रविवार को रवाना हो गया। श्री काशी विश्वनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में सेवादारों और श्रद्धालुओं का दल वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से हावड़ा-अमृतसर मेल के जरिए कश्मीर के लिए प्रस्थान किया। श्रद्धालु अमृतसर और जम्मू होते हुए पहलगाम पहुंचेंगे, जहां से पवित्र गुफा तक पैदल यात्रा करेंगे।

समिति पिछले 26 वर्षों से अमरनाथ यात्रियों की सेवा में सक्रिय है। हर वर्ष की तरह इस बार भी लगभग 300 श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। समिति के सेवादार दिलीप सिंह ‘बंटी’ ने बताया कि 80 से 90 सेवादार यात्रा पर निकले हैं। इनमें एक दल पंजाब में सेवा देगा, जबकि दूसरा दल सीधे जम्मू और चंदनबाड़ी पहुंचकर श्रद्धालुओं की सहायता करेगा।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इस सेवा अभियान को जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग मिल रहा है। महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, मंत्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ सहित कई लोगों ने समिति के प्रयासों की सराहना की। श्रद्धालुओं के लिए पान और मिठाई की विशेष व्यवस्था भी की गई है।

Leave a Comment

और पढ़ें