Search
Close this search box.

मरदह बाजार में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आने से मासूम की मौत

गाजीपुर । जनपद के मरदह बाजार में मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार रीना देवी अपने मायके चवरा बिहरा गांव आई हुई थीं और मंगलवार को अपने भाई मनीष यादव के साथ मरदह बाजार कपड़े खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर खाली कर लौट रहा एक ट्रक श्रीराम मेडिकल स्टोर के सामने पहुंचा, तभी करीब तीन से चार वर्षीय बालक अचानक ट्रक के सामने आ गया और उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही मरदह थानाध्यक्ष तारावती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और ट्रक को कब्जे में ले लिया। गंभीर हालत में बच्चे को उपचार के लिए मऊ अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मरदह थाने पहुंच गए। बेटे की मौत से मां रीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।

Leave a Comment

और पढ़ें