वाराणसी । के चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरईगांव ब्लॉक के संदहा रिंग रोड के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय खलासी की कुचलकर मौत हो गई। गिट्टी लदे डंपर के नीचे आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सोनभद्र जिले के घोरावल तहसील निवासी परमेश्वर के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही चिरईगांव पुलिस चौकी इंचार्ज महेश मिश्रा अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ को हटाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और डंपर को जब्त कर लिया है।
डंपर चालक धीरज यादव (25) के अनुसार, वह वाहन को बैक कर रहा था, तभी खलासी नीचे उतरकर उसे दिशा दिखा रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह डंपर के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







