Search
Close this search box.

नशे में धुत ट्रैक्टर चालक का तांडव: एर्टिगा कार और दूध पिकअप को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला — गाजीपुर के दुल्लहपुर में लापरवाही उजागर, ग्रामीणों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग

गाजीपुर । जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के ददरा ग्राम सभा के पास शुक्रवार देर रात करीब 8 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ईंट लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही एर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार का आगे का दाहिना पहिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी के दाहिने हिस्से में भारी नुकसान हुआ। इसके बाद ट्रैक्टर ने पीछे चल रही पराग दूध की पिकअप वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक नशे में धुत था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर के बाद वह मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान चालक ने अभद्र व्यवहार करते हुए दबंगई दिखाई और बाद में मौके से फरार हो गया।

कार में सवार मोहम्मद आशिफ समेत कुल आठ लोग—अफताब अली, अमानत अली और महिलाएं आसमा बेगम, जरीना, फातिमा, रोजी व प्रवीणा बेगम—बाल-बाल बच गए। सभी लोग मखदूम साहब से दुआ मांगकर लौट रहे थे। हादसे के बाद विशेषकर महिलाएं काफी डरी-सहमी नजर आईं।

गौरतलब है कि कार सीएनजी से चलने वाली थी, जिससे आग लगने का खतरा भी बना हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। भट्ठा मालिक नागेंद्र चौहान भी मौके पर पहुंचे और नुकसान की भरपाई की जिम्मेदारी लेने की बात कही।

स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में ट्रैक्टर चालक अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं। एक सप्ताह पहले भी इसी स्थान पर एक युवक की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में कड़े यातायात नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें