लखीमपुर खीरी। में शनिवार से तीन दिवसीय होमगार्ड भर्ती परीक्षा का शुभारंभ हो गया। जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। परीक्षा 27 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें हजारों अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
परीक्षा का समय सुबह 10 बजे निर्धारित किया गया है, लेकिन अभ्यर्थियों की सुरक्षा जांच को ध्यान में रखते हुए केंद्रों पर समय से पहले ही सघन तलाशी प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। प्रत्येक अभ्यर्थी को जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक पाली में 6,528 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इस प्रकार तीन दिनों में कुल छह पालियों के माध्यम से 39,168 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने सभी केंद्रों पर निगरानी बनाए रखी है, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो सके।








