वाराणसी। 24 अप्रैल 2026। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के साथ ही मौसमी बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ने लगा है। अस्पतालों में पाचन, त्वचा रोग, वायरल संक्रमण और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की अपील की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद के अनुसार शरीर में पानी और नमक की कमी से हीट स्ट्रोक की समस्या होती है, जिससे दिमाग, किडनी और हृदय पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसके अलावा डायरिया, उल्टी, पीलिया, टाइफाइड, वायरल फीवर और आंखों में जलन जैसी समस्याएं भी इस मौसम में आम हो जाती हैं।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि लू से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीना, हल्के सूती कपड़े पहनना और ताजा भोजन करना जरूरी है। खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचना चाहिए और घर से निकलते समय शरीर को ढककर रखना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि चक्कर आना, कमजोरी, सिरदर्द या उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर इलाज कराएं। सावधानी ही इस मौसम में सबसे बड़ा बचाव है।








