वाराणसी। 24 अप्रैल 2026। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने भारतेन्दु सभागार में आयोजित समारोह में संरक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले मार्च 2026 माह के चयनित सात रेलकर्मियों को ‘एक्सीलेंस अवॉर्ड’ प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों—परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत और सुरक्षा—के समन्वित प्रयासों की सराहना की गई।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करते हुए इन कर्मचारियों ने संभावित दुर्घटनाओं को टालने में अहम भूमिका निभाई है। उनके कार्य अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

सम्मानित होने वालों में आकाश कुमार पाण्डेय (वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी/भंडार), जितेन्द्र सिंह (तकनीशियन, मऊ), दयानन्द गुप्ता (प्रवर टिकट निरीक्षक, वाराणसी), मुनी कुमार (सीनियर सेक्शन इंजीनियर विद्युत), सुनील कुमार कांटावाला (कप्तानगंज), विनोद कुमार यादव (एंटी मलेरिया खलासी) और रोहित कुमार (तकनीशियन, टीआरडी, छपरा) शामिल रहे।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने संरक्षा विभाग द्वारा विकसित डिजिटल वेब-लिंक और क्यूआर कोड का भी शुभारंभ किया, जिसके माध्यम से निरीक्षण चेकलिस्ट, लेवल क्रॉसिंग गेट की जानकारी, संरक्षा परिपत्र और नियमावली जैसे महत्वपूर्ण संसाधन एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। इस पहल से कर्मचारियों को अद्यतन जानकारी शीघ्रता से प्राप्त होगी और सुरक्षा मानकों के अनुपालन में सुधार आएगा।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक अशोक कुमार वर्मा, अजय सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








