गाजीपुर । जनपद के नौली गांव के पास नेशनल हाईवे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रेवतीपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी मछली लदी पिकअप में पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यापारी सड़क किनारे खड़ी पिकअप से मछलियां उतार रहे थे। तभी अनियंत्रित ट्रक पीछे से आकर वाहन में जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक भी सड़क किनारे फंस गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायल पिकअप चालक लालू यादव निवासी नगदिलपुर ने बताया कि वह मछली सप्लाई देने आए थे, तभी पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात बहाल करा दिया है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।








