सोनभद्र। थाना क्षेत्र के पोलवा गांव के पास बुधवार दोपहर करीब एक बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अनियंत्रित टिपर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए दोनों को रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान भगत (23 वर्ष) पुत्र जब्बर और मुकेश (22 वर्ष) पुत्र दिनेश, दोनों निवासी कृष्णा मंदिर के पीछे, रेनुकूट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक झारखंड नगर की ओर जा रहे थे, तभी पोलवा के पास यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि टिपर चालक दुर्घटना के बाद वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।










