Search
Close this search box.

भीषण गर्मी में युवाओं की अनोखी पहल, राजातालाब में निःशुल्क प्याऊ का शुभारंभ

वाराणसी: राजातालाब क्षेत्र में युवाओं की टीम द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए निःशुल्क पेयजल प्याऊ का शुभारंभ किया गया। बढ़ती गर्मी और तेज धूप को देखते हुए स्टेशन रोड राजातालाब पर राहगीरों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई, जिससे राह चलते लोगों को काफी राहत मिल रही है।

प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में युवाओं की यह टीम लगातार विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती है। कभी रास्ता भटक गए लोगों को अपनी बाइक से घर तक पहुंचाना, तो कभी भूखे लोगों को भोजन कराना, जरूरतमंदों को उपयोगी सामग्री वितरित करना, तालाबों की साफ-सफाई कराना तथा पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करना—युवा टीम समाज सेवा के कई कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है।

इसी क्रम में राजातालाब के समाजसेवी शुभम शर्मा ने अपनी युवा टीम के साथ मिलकर निःशुल्क प्याऊ का शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद राहगीरों ने पानी पीकर युवाओं की इस नेक पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में इस तरह की व्यवस्था मानवता की सच्ची सेवा है और अन्य समाजसेवी संस्थाओं व सम्पन्न परिवारों को भी ऐसे कार्यों में आगे आना चाहिए।

समाजसेवी शुभम शर्मा ने बताया कि गर्मी लगातार बढ़ रही है और दोपहर के समय ऐसा प्रतीत होता है मानो आसमान से आग बरस रही हो। ऐसे में राहगीरों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना उनकी टीम का छोटा सा प्रयास है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Comment

और पढ़ें