Search
Close this search box.

ओडिशा में सरकारी इंजीनियर के ठिकानों पर विजिलेंस का छापा, लॉकरों से मिले 2 करोड़ रुपये नकद

नई दिल्ली। ओडिशा में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस विभाग ने एक सरकारी इंजीनियर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके नौ ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान इंजीनियर और उसके परिवार से जुड़े बैंक लॉकरों से करीब दो करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। भारी मात्रा में मिले नोटों की गिनती के लिए अधिकारियों को मशीनों का सहारा लेना पड़ा।

आरोपी की पहचान बैकुंठ नाथ बेहेरा के रूप में हुई है, जो कंधमाल जिले के बालीगुडा स्थित इंटीग्रेटेड ट्राइबल डेवलपमेंट एजेंसी (आईटीडीए) में असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। विजिलेंस विभाग को बेहेरा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।

शनिवार, 6 जून को विजिलेंस की विशेष टीम ने भुवनेश्वर समेत विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान कई बैंक खातों, लॉकरों और कथित बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज भी सामने आए हैं। विभाग ने राजधानी भुवनेश्वर के नीलाद्रि विहार, सैलाश्री विहार, कानन विहार और चंद्रशेखरपुर स्थित परिसरों की भी तलाशी ली।

विजिलेंस विभाग अब बरामद नकदी, संपत्तियों और दस्तावेजों की जांच कर रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें