सोनभद्र । दुद्धी क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित श्री राजा बरियार शाह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आज सोमवार शाम भव्य शुभारंभ होगा। महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित इस रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है। उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के दर्जा प्राप्त मंत्री जीत सिंह खरवार मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम करेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार फ्लड लाइटों की रोशनी में खेले जाने वाले मुकाबलों के लिए मैदान को विशेष रूप से सजाया गया है। खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रतियोगिता में सोनभद्र समेत आसपास के जनपदों की कई मजबूत टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने कहा कि यह प्रतियोगिता ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच है। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। वर्षों से आयोजित यह टूर्नामेंट क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ कई खिलाड़ियों को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।







