Search
Close this search box.

डेढ़ साल से बकाया एनपीएस भुगतान के लिए सेवानिवृत्त शिक्षिका ने डीएम से लगाई गुहार

दुद्धी सोनभद्र। राजकीय आस्थान विद्यालय दुद्धी की सेवानिवृत्त सहायक अध्यापिका पुष्पा देवी ने अपने सेवा काल के दौरान कटे एनपीएस (राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली) एवं अन्य लंबित वित्तीय लाभों के भुगतान की मांग को लेकर तहसील दिवस में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि उनकी नियुक्ति वर्ष 2011 में हुई थी और 31 मार्च 2025 को सेवानिवृत्त हुईं, लेकिन अब तक उन्हें शासनादेश के अनुसार देय आर्थिक लाभ नहीं मिल सके हैं।

पुष्पा देवी का कहना है कि नियमों के अनुसार सेवानिवृत्ति के लगभग एक माह के भीतर सभी देयकों का भुगतान किया जाना चाहिए, किंतु डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी उनकी धनराशि लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजकीय आस्थान विद्यालयों के शिक्षकों को चयनित वेतनमान सहित अन्य लाभ दिए जाने के प्रावधानों का विभागीय स्तर पर पूर्ण पालन नहीं किया गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

सेवानिवृत्त शिक्षिका ने बताया कि बकाया भुगतान न मिलने से उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर शासनादेशों के अनुरूप सभी लंबित देयकों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वह लंबे समय से कार्यालयों और तहसील के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

Leave a Comment

और पढ़ें