सोनभद्र । जनपद के ओबरा तहसील क्षेत्र के खैरटिया ग्राम सभा स्थित डी.एस. माइनिंग खनन पट्टे को बंद कराने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने तहसील परिसर में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी ओबरा के नाम नौ सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर अवैध खनन, पेयजल संकट, वन अधिकार पट्टा और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि खनन क्षेत्र में हो रही भारी ब्लास्टिंग से पत्थर उनके घरों की छतों और आंगनों तक पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों की जान-माल को खतरा बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मानकों के विपरीत खनन गतिविधियां जारी रहीं तो भविष्य में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने “हर घर जल-नल योजना” को प्रभावी ढंग से लागू करने, पात्र लोगों को वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टा देने तथा क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने कहा कि ओबरा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्य मंत्री एवं विधायक संजीव गोंड के रहते हुए भी अवैध खनन और जनसमस्याओं पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि संबंधित अधिकारी अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मौन क्यों हैं।







