बलिया: रेवती–लालगंज मार्ग स्थित चकिया में स्थापित मां मालती देवी मेमोरियल स्कूल को CBSE सीनियर सेकेंडरी स्कूल दिल्ली से कक्षा 10वीं और 12वीं की मान्यता प्राप्त हो गई है। गुरुवार को विद्यालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रबंधक राकेश सिंह ने इस उपलब्धि की औपचारिक घोषणा की।
उन्होंने बताया कि विद्यालय को CBSE से मान्यता दिलाने के लिए वे लंबे समय से प्रयासरत थे। CBSE द्वारा मान्यता देने के लिए निर्धारित सभी मानकों को विद्यालय ने वैधानिक रूप से पूरा किया। इसके बाद बोर्ड की टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया और विद्यालय को मान्यता प्रदान की।
प्रबंधक राकेश सिंह ने इस प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विनोद सिंह का आभार भी व्यक्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एम.के. यादव ने बताया कि यहां शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए CBSE मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। ग्रामीण क्षेत्र के ऐसे अभिभावक, जो शहरों में अपने बच्चों का दाखिला CBSE से मान्यता प्राप्त उच्च स्तरीय विद्यालयों में नहीं करा पाते, उनके लिए यह संस्थान किसी वरदान से कम नहीं होगा। विद्यालय में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की गई है तथा कमजोर छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं (एक्स्ट्रा क्लासेज) भी संचालित की जाती हैं।









