सोनभद्र: ग्रामीण युवाओं में खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने और शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में बुधवार को विशिष्ट खेल स्टेडियम, तियरा, सोनभद्र में खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजीव कुमार गोंड़, राज्य मंत्री (समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, उत्तर प्रदेश) ने अपने कर-कमलों से युवक एवं युवतियों को खेल सामग्री किट वितरित की। इस वर्ष जनपद के 52 युवक मंगल दल और 69 महिला मंगल दल — कुल 121 मंगल दलों को प्रोत्साहन स्वरूप खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई।
राज्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार वर्ष 2018-19 से ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए इस योजना का संचालन कर रही है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन सामग्रियों का उपयोग कर उच्च स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करें और जनपद का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मोहन सिंह कुशवाहा (सदस्य जिला पंचायत, चुर्क), अजीत रावत (प्रमुख क्षेत्र पंचायत, राबर्ट्सगंज) और जागृति अवस्थी (मुख्य विकास अधिकारी, सोनभद्र) उपस्थित रहीं।
इससे पूर्व जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी दिनेश कुमार ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों का स्वागत बुके और स्मृति चिन्ह देकर किया। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे खेल सामग्रियों का नियमित अभ्यास में प्रयोग करें और साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं व सामाजिक कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुँचाएं।
उन्होंने यह भी बताया कि विभाग द्वारा संचालित विवेकानंद यूथ अवार्ड योजना के लिए योग्य युवक एवं महिला मंगल दल प्रस्ताव भेजें, ताकि विकास खंड, जनपद एवं राज्य स्तर पर उन्हें सम्मानित किया जा सके। जिन पंचायतों को अभी खेल सामग्री नहीं मिल पाई है, उन्हें आगामी वर्षों में चयनित कर सामग्री वितरित की जाएगी।
कार्यक्रम में जिला क्रीड़ाधिकारी समीम अहमद, विधायक घोरावल के प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्या, व्यायाम प्रशिक्षक प्रदीप कुमार सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी रवि शंकर कुशवाहा, अनुज त्रिपाठी, धर्मेंद्र कुमार सिंह, विकास दूबे, कनिष्ठ सहायक महफूज अली खान, पीआरडी स्वयंसेवक जितेंद्र कुमार, विजय विश्वकर्मा, अवधेश कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।








