गाजीपुर: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मरदह थानाध्यक्ष तारावती के नेतृत्व में मरदह बाईपास पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बगैर कागजों व बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों के खिलाफ चालान काटकर जुर्माना भी वसूला गया।

थानाध्यक्ष तारावती ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी करना गंभीर परिणाम दे सकता है। बिना हेलमेट बाइक चलाना जानलेवा साबित होता है। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण केवल नियमों का पालन करने से ही संभव है।
वाहन चेकिंग अभियान के चलते दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। कई बाइक सवार मुख्य मार्ग छोड़कर वैकल्पिक रास्तों से गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश करते दिखे।
इस अभियान में थानाध्यक्ष तारावती के साथ उपनिरीक्षक संतराम यादव, उपनिरीक्षक हरिराम यादव, कांस्टेबल सत्येंद्र गुप्ता व सदानंद यादव सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।









