बलिया। जिले के नगरा क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश और तेज हवाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। इस बेमौसम बरसात ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। खेतों में तैयार खड़ी धान की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, नगरा क्षेत्र के पड़री, उसरहां, कोठियां, खेमपुर और चचयां सहित आसपास के कई गांवों में फसलें पूरी तरह चौपट हो गई हैं। खेतों में पानी भर जाने से धान की कटाई रुक गई है और गिरी हुई फसलों को बचाना मुश्किल हो गया है।
किसानों का कहना है कि इस बारिश ने न केवल धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है, बल्कि अब आने वाली रबी फसलों – चना, मटर, आलू और सरसों की बुवाई पर भी असर पड़ेगा। खेतों में जलभराव के चलते बुवाई कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
ग्रामीण किसानों ने बताया कि इस अनियंत्रित मौसम परिवर्तन से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे उनकी जीविका और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। किसानों ने प्रशासन से मुआवजा और राहत पैकेज की मांग की है।
ब्यूरोचीफ – अवधेश यादव









