वाराणसी: थाना बड़ागाँव क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2025 को हरहुआ स्थित एक घर में दोपहर के समय दो अज्ञात व्यक्ति घुस आए थे। उन्होंने घर में अकेली मौजूद वृद्ध महिला को डराकर, धमकाकर और बल प्रयोग करते हुए उनके कानों के सोने के दोनों कुण्डल और सोने का लॉकेट लूट लिया था। इस दौरान महिला के कान में चोट भी आई थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए डीसीपी गोमती ज़ोन आकाश पटेल के निर्देश पर सीओ पिण्डरा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से घटना में प्रयुक्त वाहन का पूरा मूवमेंट ट्रेस किया। जांच के दौरान वारदात में शामिल मुकेश यादव उर्फ चन्दन यादव का नाम सामने आया।
4 दिसंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सम्मो माता मंदिर, रेलवे कॉलोनी लहरतारा के पास से मुकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने लूट की घटना स्वीकार की और बताया कि वह अपने साथी सोनू सिंह राजपूत के साथ आर्थिक तंगी के कारण वृद्ध लोगों के घरों की रैकी कर लूटपाट करते थे। वारदात के दिन दोनों सोनू की सफेद अपाची मोटरसाइकिल से हरहुआ पहुँचे और महिला के कान के कुण्डल व लॉकेट छीनकर फरार हो गए। भागते समय उसका एक चप्पल वहीं छूट गया था।
अभियुक्त ने बताया कि लूटे गए दोनों कान के कुण्डल उसने हरहुआ रिंग रोड के पास इदिलपुर प्रतापपट्टी स्थित एक मंदिर के पास जमीन में दबा दिए थे। बरामदगी के लिए ले जाते समय अभियुक्त ने छिपाए हुए अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से अभियुक्त घायल हो गया। पुलिस ने मौके से दो पीली धातु के कान के कुण्डल, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जीवित कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया।
अभियुक्त के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। साथ ही बरामद कुण्डलों को मूल मुकदमे में सम्मिलित करते हुए धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें एनडीपीएस, चोरी एवं एससी/एसटी एक्ट समेत कई मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संदीप कुमार पाण्डेय, चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार राय, उपनिरीक्षक अमन यादव, उपनिरीक्षक विकास पाण्डेय, हेड कांस्टेबल आनंद कुमार, कांस्टेबल राजन यादव, अभिषेक वर्मा और राकेश कुमार शामिल रहे। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।










