वाराणसी: तीन वर्ष से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बलात्कार आरोपी गप्पू उर्फ़ राजनाथ को आखिरकार कैंट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह बड़ी कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन तथा डीसीपी और एडीसीपी वरुणा ज़ोन एवं एसीपी कैंट के पर्यवेक्षण में चल रहे विशेष अभियान के तहत हुई।
कैंट पुलिस धारा 85 बीएनएसएस (कुर्की) की प्रक्रिया के अनुपालन के दौरान अभियुक्त को उसके घर ग्राम बेनीपुर, थाना मिर्जामुराद से पकड़ने में सफल रही। गप्पू उर्फ़ राजनाथ पर वर्ष 2023 में दर्ज बलात्कार, लूट और धमकी के गंभीर मामलों में मु.अ.सं. 82/2023, धारा 376/392/506 भादवि के तहत वांछित था।
अभियुक्त पर आरोप है कि उसने अपने साथी प्यारे लाल के साथ मिलकर तंत्र-मंत्र का झांसा देकर पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया और झाड़-फूंक के नाम पर उसका मंगलसूत्र और कान की बाली लूट ली। मामले में सहअभियुक्त प्यारे लाल को वर्ष 2023 में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि गप्पू लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और न्यायालय से NBW व धारा 82 और 85 की कार्रवाई चल रही थी।
गिरफ्तारी में शामिल टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, वरिष्ठ उ.नि. रामकेवल यादव, कां. शाश्वत शुक्ला, कां. प्रवीण कुमार, महिला कां. स्नेहा पांडेय शामिल थे। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।










