नई दिल्ली। भारत ने फ्यूल रिटेल नेटवर्क के क्षेत्र में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। देशभर में पेट्रोल पंपों की संख्या अब 1 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है, जिससे भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा फ्यूल रिटेल नेटवर्क बन गया है।
आंकड़ों के अनुसार, पेट्रोल पंपों की संख्या के मामले में अमेरिका पहले स्थान पर है, जहां कुल 1,96,643 पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं। वहीं चीन दूसरे स्थान पर है, जिसके पास 1,15,228 पेट्रोल पंप हैं। भारत अब इस सूची में तीसरे पायदान पर पहुंच गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, देश में पेट्रोल पंपों की संख्या में यह बढ़ोतरी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, वाहनों की संख्या में इजाफा और ग्रामीण क्षेत्रों तक ईंधन की पहुंच बढ़ने का परिणाम है। सरकार की ओर से रिटेल फ्यूल सेक्टर में किए गए सुधारों और निवेश को भी इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है।
इस उपलब्धि से न केवल ईंधन आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और दूरदराज़ इलाकों में कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।









