Search
Close this search box.

राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन में बरेका का परचम, रेल मंत्री राजभाषा शील्ड पुरस्कार से हुआ सम्मानित

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट, सृजनात्मक एवं प्रभावी कार्यान्वयन के क्षेत्र में एक और स्वर्णिम उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराई है। रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड द्वारा संचालित रेल मंत्री राजभाषा शील्ड/ट्रॉफी एवं चल वैजयंती पुरस्कार योजना (आधार वर्ष–2024) के अंतर्गत बरेका को आदर्श उत्पादन इकाई की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

रेलवे बोर्ड ने किया सम्मानित

रेलवे बोर्ड के राजभाषा निदेशालय द्वारा यह प्रतिष्ठित सम्मान वर्ष 2024 के दौरान बरेका द्वारा हिंदी में किए गए उत्कृष्ट, गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचारी कार्यों के लिए प्रदान किया गया है। पुरस्कार स्वरूप बरेका को रेल मंत्री राजभाषा शील्ड के साथ ₹14,000 (चौदह हजार रुपये) की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

रेल भवन में हुआ सम्मान समारोह

यह सम्मान 26 दिसंबर 2025 को अपराह्न 3:30 बजे, रेल भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित रेलवे बोर्ड राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक के दौरान प्रदान किया गया। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री सतीश कुमार ने यह पुरस्कार बरेका के महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री राम जन्म चौबे को प्रदान किया।

महाप्रबंधक ने जताया गौरव

इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि “यह सम्मान बरेका में राजभाषा हिंदी के सतत प्रयोग, प्रोत्साहन और प्रभावी कार्यान्वयन का प्रमाण है। यह उपलब्धि भविष्य में हिंदी को कार्यभाषा के रूप में और अधिक सशक्त बनाने की प्रेरणा देती है।”

सामूहिक प्रयासों का परिणाम

बरेका परिवार ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयास, प्रतिबद्धता और सकारात्मक कार्यसंस्कृति का परिणाम बताया। साथ ही राजभाषा नीति के प्रति अपनी अटूट निष्ठा दोहराते हुए भविष्य में भी हिंदी के व्यापक प्रयोग का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Comment

और पढ़ें