बलिया। अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा 4 फरवरी 2026 को विशेष अभियान की तिथि तय की गई है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस दिन जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। उन्होंने जनपद के समस्त मतदाताओं एवं आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को अपने-अपने बूथ पर समय से पहुंचकर प्रकाशित निर्वाचक नामावली में अपने तथा अपने परिवार के पंजीकृत सदस्यों के नामों की जांच अवश्य कर लें।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि नाम जोड़ने, हटाने अथवा किसी प्रकार के संशोधन से संबंधित कोई दावा या आपत्ति हो, तो उसे निर्धारित अवधि के भीतर अवश्य दर्ज कराएं। इससे आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची का उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
रिपोर्टर– संजय सिंह, बलिया








