बलिया। थाना खेजुरी क्षेत्र के ग्राम हथौज में मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर तालाब के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने गई प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने राजस्व लेखपाल की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे एसडीएम सिकंदरपुर, तहसीलदार सिकंदरपुर, राजस्व टीम और पुलिस बल न्यायालय के आदेश के अनुपालन में ग्राम हथौज स्थित तालाब के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने मौके पर पहुंचे थे। इस संबंध में पूर्व में उच्च न्यायालय में याचिका भी दाखिल की गई थी।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों के बहकावे में आकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अचानक पुलिस टीम और राजस्व कर्मियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। हालांकि प्रशासनिक टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए तालाब के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली।
पुलिस के अनुसार, राजस्व लेखपाल से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खेजुरी में विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी प्रचलित है।
संजय सिंह | प्रेस रिपोर्टर, बलिया








