बलिया। बांसडीह कस्बे में मंगलवार को जूता-चप्पल के गोदाम में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 फरवरी 2026 को सुबह करीब 6:50 बजे सूचना मिली कि बांसडीह से सहतवार रोड पर स्थित बांसडीह कस्बे में हरीश कुमार गुप्ता पुत्र गणेश कुमार गुप्ता के जूता-चप्पल के गोदाम में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर सर्विस बांसडीह, बैरिया और बलिया की दमकल गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
बताया गया कि गोदाम के आगे का हिस्सा जूता-चप्पल का था, जबकि पीछे के हिस्से में हरीश कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते हैं। आग से करीब 14 से 15 लाख रुपये मूल्य के जूता-चप्पल जलकर राख हो गए, लेकिन मकान और परिवार सुरक्षित रहे।
प्रशासन के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं है। मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
संजय सिंह | प्रेस रिपोर्टर, बलिया






