मध्य प्रदेश। अशोकनगर जिले में स्कूली छात्राओं को प्रेमजाल में फंसाने के लिए तंत्र-मंत्र का सहारा लेने वाले एक सिरफिरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी छात्राओं का पीछा करता था और उन्हें “आकर्षित” करने के नाम पर विशेष इत्र छिड़कने व मंत्रों का जाप करने का दावा करता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को शहर के सलूजा टावर के पास से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से इत्र की शीशियां और तंत्र क्रियाओं से संबंधित एक पुस्तक बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि बरामद सामग्री में ‘काली सहस्त्रनामावली’ भी शामिल है, जिससे उसके इरादों का खुलासा हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी स्कूली छात्राओं पर नजर रखता था और उन्हें सम्मोहित करने का भ्रम फैलाकर डराने-बहलाने की कोशिश करता था। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं उसने पहले भी ऐसी हरकतें तो नहीं कीं।
पुलिस ने अभिभावकों और छात्राओं से सतर्क रहने की अपील की है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा है।






