बलिया। प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने बुधवार को निरीक्षण भवन में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी बजट है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने आमजन की सुविधाओं और जरूरतों को प्राथमिकता दी है, जिसका स्पष्ट प्रतिबिंब इस बजट में दिखाई देता है।
डॉ. दयालु ने बताया कि बजट 2026-27 में किसान, युवा, महिला, उद्यमी और मध्यम वर्ग—सभी को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई गई हैं। आधारभूत संरचना को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014-15 में जहां इंफ्रास्ट्रक्चर पर 2 लाख करोड़ रुपये का बजट था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है, जिससे विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बजट में देश को सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की सौगात दी गई है, जिनमें दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर उत्तर प्रदेश के लिए विशेष रूप से लाभकारी होंगे। इससे नोएडा, आगरा, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी जैसे प्रमुख शहर तेज़ रफ्तार से आपस में जुड़ेंगे।
रक्षा क्षेत्र पर बोलते हुए डॉ. दयालु ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पेश किए गए पहले बजट में रक्षा बजट को 15 प्रतिशत बढ़ाकर 7.85 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जिसमें 2.19 लाख करोड़ रुपये रक्षा अवसंरचना के लिए निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग को रोजगार का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि मेक इन इंडिया और पीएलआई योजनाओं को और सशक्त किया गया है।
एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के एमएसएमई ग्रोथ फंड का प्रावधान किए जाने से उत्तर प्रदेश को विशेष लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में जिला अस्पतालों की क्षमता 50 प्रतिशत तक बढ़ाने और हर जिले में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने का भी प्रावधान किया गया है। कृषि क्षेत्र के लिए 1.62 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7 प्रतिशत अधिक है।
अंत में डॉ. दयालु ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना को साकार करने वाला बजट है, जो उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश को आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में आगे ले जाएगा।
प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष संजय मिश्र, नारद राय, जिला उपाध्यक्ष शुभनारायण सिंह उर्फ सुरेंद्र सिंह, संजीव कुमार डम्पू, रंजना राय, अरुण सिंह बंटू, मनोज श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
संजय सिंह | प्रेस रिपोर्टर, बलिया









