गोरखपुर। जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां 15 वर्षीय 9वीं कक्षा का छात्र अपनी सगी चाची के साथ घर से फरार हो गया था। करीब 10 दिनों से परिजन और पुलिस दोनों उनकी तलाश में जुटे थे। आखिरकार पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर दोनों को बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, छात्र अपने माता-पिता और 35 वर्षीय चाची सहित अन्य परिवारजनों के साथ घर में रहता था, जबकि चाचा बाहर रहकर काम करते हैं। इसी दौरान किशोर और उसकी चाची के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों के बीच कथित रूप से प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। रिश्ते में चाची-भतीजे का संबंध होने के कारण परिवार के किसी सदस्य को उन पर संदेह नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि दोनों घर से फरार होने के बाद शादी करने की फिराक में थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। सर्विलांस और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से पुलिस ने दोनों को खोज निकाला।
फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए पुलिस कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई कर रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।








