Search
Close this search box.

सिकंदरपुर नगर पंचायत में तीन मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण, विकास और जनसेवा का लिया संकल्प

बलिया। सिकंदरपुर के आदर्श नगर पंचायत में सोमवार को तीन मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा राज्यपाल की अनुशंसा पर मनोनीत सभासद अमित गुप्ता, चंदन सोनी एवं श्रीकांत राम को उपजिलाधिकारी सुनील कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ के बाद तीनों सभासदों ने नगर के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक संजय यादव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार नगर निकायों के विकास के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम है।उन्होंने नवनियुक्त सभासदों से अपेक्षा की कि वे जनता की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय जायसवाल ने नवसभासदों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सभासदों ने नगर में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी मनोज पांडे समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में सभी ने नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का संकल्प लिया।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें