बलिया । में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आपदा विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धा व्यक्त की।

इसके बाद जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर संस्थान पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए, जो आज भी प्रेरणादायक हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं और समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में समानता, भाईचारे तथा समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सहित कलेक्ट्रेट के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
आनन्द मोहन मिश्रा ब्यूरो बलिया।








