Search
Close this search box.

बलिया में अग्निशमन सेवा दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, रैली निकालकर आग से बचाव के प्रति लोगों को किया जागरूक

बलिया । में 14 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर अग्निशमन केंद्र पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन अक्षय कुमार सहित अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवा के दौरान शहीद हुए जवानों को नमन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस व फायर सर्विस के जवान उपस्थित रहे।

इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया गया। यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और स्थानों—एनसीसी तिराहा, मिढ्ढी चौराहा, टीडी कॉलेज, रोडवेज, चित्तू पांडेय चौराहा, रेलवे स्टेशन, चौक, काशिम बाजार, जिला चिकित्सालय आदि से होकर गुजरी। रैली के माध्यम से व्यापारिक प्रतिष्ठानों, होटल, पेट्रोल पंप व सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर एक भीषण हादसे में 66 अग्निशमन कर्मी शहीद हो गए थे, जिनकी स्मृति में हर वर्ष यह दिवस मनाया जाता है। 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें स्कूलों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि आग से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें, जैसे भवनों में अग्निशमन उपकरण लगवाना, आपातकालीन निकास मार्गों की जानकारी रखना और ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखना। आग लगने की स्थिति में तत्काल 101 या 112 नंबर पर सूचना देने की सलाह दी गई।

आनन्द मोहन मिश्रा ब्यूरो बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें